1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जेल में बंद सपा नेता और सांसद आजम खान भी हुए कोरोना संक्रमित, अब्दुल्ला की भी रिपोर्ट…

जेल में बंद सपा नेता और सांसद आजम खान भी हुए कोरोना संक्रमित, अब्दुल्ला की भी रिपोर्ट…

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
जेल में बंद सपा नेता और सांसद आजम खान भी हुए कोरोना संक्रमित, अब्दुल्ला की भी रिपोर्ट…

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

सीतापुर: देश में कोरोना के दूसरे लहर का कहर लगातार जारी है, महामारी से संक्रमित होकर लोगो के जान गंवाने का ऑकड़ा भी दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। महामारी ने हाहाकार मचा दिया है, हालात तो ये हैं कि संक्रमण के बढ़ते ऑकड़ो को रोकना मुश्किल हो गया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना महामारी के 4 लाख से भी ज्य़ादा मामले सामने आये हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता और रामपुर से सांसद आजम खान कोरोना पॉजिटिव हो गये हैं। फरवरी 2020 से सीतापुर जेल में बंद आजम की शुक्रवार को आरटी पीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई जिसके बाद जेल के ही अस्पताल में उनका इलाज जारी है। बताया गया है कि जेल प्रशासन की तरफ से उनकी बेहतर चिकित्सा के लिए सारे इंतजाम कर दिए गए हैं।

जेलर आर एस यादव ने बताया कि गुरुवार को आजम की एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनकी RTPCR जांच कराई  गई थी जो शुक्रवार की रात पॉजिटिव आई है। उन्होने आगे कहा कि उन्हें तमाम सुविधा दी जा रही हैं। मिली जानकारी के मुताबिक कुछ दिनों से आजम खान को सर्दी जुकाम की शिकायत थी। जिसके बाद जेल प्रशासन की तरफ से उनका कोविड टेस्ट करवाया गया और वे संक्रमित निकले।

आजम खान पिछले कुछ दिनों से रोजा पर भी चल रहे थे, लेकिन उनकी सेहत खराब होने लगी, ऐसे में इलाज को देखते हुए उन्होंने फिलहाल रोजा नही रखा है। वहीं सीतापुर जेल में ही बंद आजम के बेटे अब्दुल्ला की भी कोरोना जॉच कराई गई थी। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। आजम के साथ जेल में बंद 13 और कैदी भी कोरोना का शिकार हो गए हैं। उनकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव बताई गई है।

आपको बता दें कि आजम खान फरवरी 2020 से ही सीतापुर जेल में बंद हैं। उन पर रामपुर में अवैध जमीन कब्जाने और फर्जी प्रमाणपत्र बनाने जैसे कई आरोप लगे हैं। उनकी पत्नी डॉ तंजीम फातिमा भी जेल में बंद थीं,लेकिन कुछ समय पहले ही उन्हें जमानत मिल चुकी है और वे जेल से बाहर हैं।

इसके साथ ही बेटे अब्दुल्ला पर भी फर्जी प्रमाणपत्र से जुड़े कई मामले दर्ज हैं और वे भी पिता संग जेल में ही बंद हैं। एक तरफ आजम पर 80 से ज्यादा मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं तो वहीं उनके बेटे अब्दुल्ला पर भी 40 से ज्यादा केस दर्ज हैं। दोनों अभी अपनी जमानत का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन किसी भी तरह की राहत मिलती नहीं दिख रही है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...