1. हिन्दी समाचार
  2. केंद्र सरकार
  3. मूसलाधार बारिश से बने भयावह हालात, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद संभाला मोर्चा

मूसलाधार बारिश से बने भयावह हालात, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद संभाला मोर्चा

देश के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण तबाही का मंजर नजर आ रहा है। बाढ़ की विभीषिका से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। पीएम मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से बात कर ताजा हालातों चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की। PMO ने कहा कि स्थानीय प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें प्रभावित लोगों की मदद के लिए काम कर रही हैं। मौसम विभाग ने आगे के लिए भी अलर्ट जारी किया है।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

नई दिल्लीः देश के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण तबाही का मंजर दिखाई पड़ रहा है। बाढ़ की विभीषिका से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। पीएम मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से बात कर ताजा हालातों चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की। PMO ने कहा कि स्थानीय प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें प्रभावित लोगों की मदद के लिए काम कर रही हैं। हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 300 लोग फंसे हुए हैं। वहीं मनाली में फंसे 20 लोगों को बचा लिया गया है। राज्य में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, घरों को नुकसान पहुंचने और कई लोगों की मौत होने के एक दिन बाद मौसम विभाग ने तेज बारिश  के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। उत्तर भारत की यमुना सहित कई नदियां उफान पर हैं। शहरों और कस्बों की कई सड़कें और आवासीय इलाके घुटनों से ऊपर पानी में डूब गए हैं। बीते दिन रिकॉर्ड बारिश के कारण नगर निकाय भी स्थिति सुधारने में असहाय नजर आया था। वहीं दिल्ली की सड़कों पर हो रहे जलभराव और यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर पर चर्चा के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल में आपात बैठक की।

अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में शिमला-कालका मार्ग पर भूस्खलन के कारण कई जगहों मार्ग अवरुद्ध हो गया है। जिसके चलते रेल परिचालन मंगलवार तक के लिए रोक दिया गया है। वहीं शैक्षणिक संस्थानों को आज और कल दो दिन बंद रखने का आदेश दिया गया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने एक वीडियो जारी कर लोगों से भारी बारिश में घरों से बाहर न निकलने की अपील की थी। कमोबेश यही हाल पंजाब और हरियाणा का भी है। जहां लगातार तीसरे दिन बारिश हुई है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण उत्पन्न मौजूदा स्थिति को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को रद्द कर दिया और गृह, आपदा प्रबंधन और शहरी स्थानीय निकायों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की आपात बैठक की। वहीं पंजाब का पटियाला जिला बाढ़ जैसी स्थिति से जूझ रहा है। जिसके लिए अधिकारियों ने बढ़ते संकट से निपटने के लिए सेना की सहायता मांगी है। अधिकारियों ने बताया कि यहां राजपुरा थर्मल पावर प्लांट के परिसर में बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे इसकी 700 मेगावाट की एक इकाई बंद हो गई। अधिकारियों ने NDRF और SDRF टीमों को राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैनात किया है। अधिकारियों ने बताया कि राजपुरा कस्बे में सेना की मदद से जिले के एक निजी विश्वविद्यालय के 800 छात्रों को सफलतापूर्वक बचाया गया। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में भेड़ाघाट के पास उफनती नर्मदा नदी में एक टापू पर फंसे चार लोगों को एनडीआरएफ ने 13 घंटे से अधिक समय के अभियान के बाद बचाया गया।

कुल मिलाकर उत्तर भारत में बारिश से जुड़ी घटनाओं से अब तक 53 लोगों की मौत हो चुकी है। इस दौरान सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश प्रभावित राज्य रहा। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ की समीक्षा कर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रदेश में बाढ़ से अब तक कुल 34 लोग जान गंवा चुके हैं। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर 291.3 मीटर पर पहुंच गया है। जबकि, यहां पर खतरे का निशान 294 मीटर पर है। ऋषिकेश में खतरे का निशान 340.5 मीटर पर है। जबकि, गंगा का जलस्तर यहां 337.84 पर आ गया है। गढ़वाल में अलकनंदा 532.95 मीटर पर है। यहां खतरे का निशान 536 मीटर है। उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते 171 सड़के बंद हो गई हैं। मानसून अभी शुरुआती दौर पर है। तेज बारिश से आगे कुछ दिन राहत नहीं मिलने वाली है। ऐसे में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...