पन्ना। जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार शुक्रवार शाम पन्ना पहुंचे। शनिवार को उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विभिन्न अभियानों और जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान और हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई। मंत्री ने अभियान को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को आम लोगों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि लोगों का प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत करने के लिए शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध निराकरण जरूरी है।

समीक्षा बैठक के दौरान इंदर सिंह परमार ने शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल के साथ काम करने से विकास कार्यों को गति देने के साथ जनहित की योजनाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने पन्ना के महाराज सागर तालाब परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।