रिपोर्ट: सत्यम दुबे
मथुरा: कोरोना महामारी के बीच चल रहे यूपी पंचायत चुनाव का गुरुवार को आखिरी चरण का मतदान जारी है। पुलिस-प्रशासन पंचायत चुनाव में कड़े सुरक्षा के दावे किए थे, लेकिन मथुरा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो पुलिस-प्रशासन के दावों को आइना दिखा रहा है। यहां मतदान के बीच बरसाना थाना की ग्राम पंचायत राकौली के गांव नहारा में गोलियां चल गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ एसडीएम गोवर्धन राहुल यादव मौके पर पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत राकौली के गांव नहारा में सियाराम और मलखान पक्ष में मतदान को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आकर एक दूसरे पर गोलियां दागने लगे। इस गोली बारी में छर्रे लगने से दोनों पक्ष के आठ लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची बरसाना पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई।
मामले में SP देहात श्रीशचंद ने बताया कि घटना में दोनों पक्षों के करीब आठ लोग घायल हुए हैं। मतदान को लेकर सियाराम और मलखान पक्ष में विवाद हुआ था। फिलहाल कोई तहरीर नहीं आई। पुलिस अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई करेगी।
आपको बता दें कि मथुरा जिले की 504 ग्राम पंचायतों के 2155 मतदान स्थलों पर वोट डाले जा रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर जिले को 19 जोन व 121 सेक्टरों को बांटा गया है। मतदान को शांतिपूर्ण कराने के लिए अफसरों समेत 8400 पुलिस-पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है। अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय 39 बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। सुबह 11 बजे तक 23.97 फीसदी मतदान हो चुका है। शुरुआती दो घंटे में 9.52 फीसदी वोट पड़े थे।