मंदसौरः जिला प्रशासन ने इस वर्ष होली पर्व पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अभिनव पहल करते हुए गो-काष्ठ आधारित होलिका दहन को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पारंपरिक लकड़ी के स्थान पर गोबर से निर्मित गो-काष्ठ का उपयोग करें, जिससे पेड़ों की कटाई रुकेगी और प्रदूषण कम होगा।
कलेक्टर के निर्देशन में नगरीय निकायों, जनपद एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से इस अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। सार्वजनिक होलिका दहन के लिए निःशुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है। उत्कृष्ट आयोजन करने वाली समितियों को राज्य स्तर पर सम्मान हेतु प्रस्तावित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी जिलेवासियों से पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ होली मनाने की अपील की है।