नई दिल्ली : देश में कोरोना के लगातार बढ़ते केसों के बीच कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं बल्कि क्रिकेट जगत भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है। जिससे जल्द ही इस महामारी से देश को निजात दिलाया जा सकें। इसी बीच भारत के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी लक्ष्मी रतन शुक्ला ने भी गुरूवार को अपने जन्मदिनपर पर कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में अपना अहम योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि आईपीएल 2021 कमेंट्री से हुई पूरी कमाई पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री राहत कोष में दान की है। शुक्ला ने ट्वीट कर कहा कि, “मुझे खुशी है कि मैं अपने जन्मदिन पर आईपीएल 2021 की कमेंट्री फीस दान कर रहा हूं। कोरोना की सेकंड वेव से लड़ने में मेरा छोटा सा योगदान।”
शुक्ला ने आगे कहा कि, आज मैं जो कुछ भी हूं, अपने आसपास के लोगों और उनके सपोर्ट की वजह से हूं। इसलिए जन्मदिन पर किए गए मेरे छोटे से योगदान से इस भारी विपत्ति पर फर्क पड़ सकता है तो मैं खुद को भाग्यशाली समझूंगा। उन्होंने कहा कि मैं सभी से मास्क पहनने और सुरक्षित रहने का आग्रह करता हूं। आपको बता दें कि शुक्ला ने देश के लिए तीन वनडे और 137 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं।
बता दें कि शुक्ला से पहले सचिन तेंदुलकर, शिखर धवन और जयदेव उनादकट, ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस और ब्रेट ली और वेस्ट इंडीज के निकोलस सहित कई पूर्व और वर्तमान क्रिकेटरों ने भी कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में अपना योगदान दिया है। गौरतलब है कि कई खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ मेंबर्स के कोरोना संक्रमित होने के बाद मंगलवार को बीसीसीआई ने आईपीएल 2021 को अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दिया है।
वहीं अगर हम पश्चिम बंगाल में कोरोना केस की बात करें तो, गुरूवार को कोविड-19 से कुल मौतों का आंकड़ा 11,964 हो गया। जबकि राज्य में एक दिन में रिकॉर्ड 18,431 नए मामले आने के बाद संक्रमितों का कुल आंकड़ा बढ़कर 9,35,066 हो गया।