सीहोर जिले के भैरुंदा क्षेत्र में मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन उग्र हो गया। किसान स्वराज संगठन के नेतृत्व में हजारों किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालने के बाद इंदौर-भोपाल और भैरुंदा-इंदौर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। किसानों का कहना है कि उनकी पूरी उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी जाए और खरीदी प्रक्रिया में लागू सीमाओं को समाप्त किया जाए।
आंदोलन कर रहे किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार से मांग की कि प्रदेशभर में मूंग की खरीदी बिना किसी सीमा के की जाए। किसानों का कहना है कि तकनीकी बाधाओं और निर्धारित लिमिट के कारण वे अपनी पूरी उपज समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पा रहे हैं, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है।
किसानों का आंदोलन उस समय और तेज हो गया जब उनका ज्ञापन लेने के लिए जिला कलेक्टर मौके पर नहीं पहुंचे। इससे नाराज किसानों ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया और प्रशासन के अन्य अधिकारियों को ज्ञापन देने से इनकार कर दिया। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे केवल जिला कलेक्टर को ही अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।

चक्काजाम के कारण इंदौर-भोपाल और भैरुंदा-इंदौर मार्ग पर घंटों तक यातायात बाधित रहा। बसें, एम्बुलेंस और निजी वाहन लंबे जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्म मौसम के बीच हाईवे पर फंसे लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे और जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे।