1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. डबल इंजन सरकार ने मध्यप्रदेश को बनाया बेरोजगारी और औद्योगिक बर्बादी का केंद्रः जीतू पटवारी

डबल इंजन सरकार ने मध्यप्रदेश को बनाया बेरोजगारी और औद्योगिक बर्बादी का केंद्रः जीतू पटवारी

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी ने कहा कि जब प्रदेश के उद्योगपति और मजदूर दोनों ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, तब मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार किस विकास का जश्न मना रही है? यह सरकार जमीनी हकीकत से पूरी तरह कटी हुई है और केवल प्रचार-प्रसार में लगी हुई है।

By: Naredra 
Updated:
डबल इंजन सरकार ने मध्यप्रदेश को बनाया बेरोजगारी और औद्योगिक बर्बादी का केंद्रः जीतू पटवारी

भोपालः मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की औद्योगिक स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा की तथाकथित डबल इंजन सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि एक समय निवेश और औद्योगिक विकास का केंद्र बनने का सपना देखने वाला मध्यप्रदेश आज बेरोजगारी, तालाबंदी और आर्थिक संकट का प्रतीक बन चुका है।

‘हजारों परिवारों की टूटी उम्मीदों की सच्चाई’

श्री पटवारी ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में लगभग 5,600 फैक्ट्रियां बंद होने की कगार पर हैं। 30,000 श्रमिकों का वेतन आधा कर दिया गया है और 20,000 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े मात्र संख्या नहीं हैं, बल्कि प्रदेश के हजारों परिवारों की टूटी उम्मीदों और बुझते चूल्हों की सच्चाई हैं।

सरकार के सारे वादे खोखले- जीतू पटवारी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार से सवाल किया है कि इन्वेस्टर्स समिट और बड़े-बड़े आयोजनों पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद प्रदेश की जनता को उसका वास्तविक लाभ क्यों नहीं मिल रहा है? उद्योगों को प्रोत्साहन देने और रोजगार सृजन के जो दावे किए गए थे, वे आज पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं।

आर्थिक संकट में उद्योगपति एवं मजदूर!

उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के उद्योगपति और मजदूर दोनों ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, तब मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार किस विकास का जश्न मना रही है? यह सरकार जमीनी हकीकत से पूरी तरह कटी हुई है और केवल प्रचार-प्रसार में लगी हुई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की मांग-

  1. औद्योगिक क्षेत्र में आई इस मंदी पर सरकार तत्काल श्वेत पत्र जारी करे।
  2. बंद हो रही इकाइयों को बचाने के लिए ठोस आर्थिक पैकेज दिया जाए।
  3. बेरोजगार हुए श्रमिकों के पुनर्वास और रोजगार के लिए विशेष योजना लागू की जाए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के हर मजदूर, कर्मचारी और छोटे उद्योगपति के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...