देवरिया- एसओजी टीम एवं सलेमपुर पुलिस के संयुक्त प्रयास से हत्या की घटना का पर्दाफाश, 1 अभियुक्त गिरफ्तार
देवरिया- जनपद की एसओजी पुलिस व सलेमपुर थाने की पुलिस ने हत्या की एक घटना का पर्दाफाश किया है। इस घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि बीते 2 नवंबर को प्रातः सलेमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पड़री तिवारी में एक व्यक्ति की लाश बरामद हुई थी।
छानबीन के आधार पर मृतक व्यक्ति की पहचान खुखुंदू थाना क्षेत्र के पड़री बनवाली निवासी रामबालक चौहान के रूप में हुई। जिसके सिर व गर्दन में गोली लगी थी। इस संबंध में मृतक के पिता जगेशर चौहान ने पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस हत्या का केस दर्ज कर जांच में जुटी थी और 3 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में ली थी। इसी आधार पर पुलिस ने खुखुन्दू के पास से अभियुक्त मनीष यादव उर्फ छोटे यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ से पता चला कि अभियुक्त और मृतक के बीच जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर पैसे के लेन-देन का विवाद था और मृतक बार-बार अभियुक्त से कुछ रूपये की मांग कर रहा था।
1 नवंबर की रात मृतक रामबालक ने आरोपी मनीष यादव को बुलाया तो वह एक व्यक्ति की रिवाल्वर के साथ मृतक की मोटर साईकिल से बैठकर सलेमपुर गया। जहां रास्ते में आपसी विवाद पर उसने मोटर साईकिल चला रहे मृतक राम बालक के सिर में पीछे से गोली मार दी।
पुलिस ने अभियुक्त मनीष यादव उर्फ छोटे यादव को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल 32 बोर व 1 खोखा बरामद करते हुए उसे जेल भेज दिया।