दिल्ली विधानसभा के सत्र के आखिरी दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट 2025 को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आगामी 24 से 26 मार्च के बीच दिल्ली का बजट पेश करने की तैयारी है। खास बात यह है कि इस बार बजट जनता की राय के आधार पर तैयार किया जाएगा।
सरकार ने घोषणा की है कि मंत्री, विधायक और अधिकारी आम लोगों से सुझाव लेंगे। इसके अलावा विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों को विधानसभा बुलाकर उनके विचारों को भी शामिल किया जाएगा।
जनता की भागीदारी से बनेगा बजट
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की गति को तेज करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, “यह दिल्ली का बजट है, इसमें जनता के प्रत्येक वर्ग के सुझाव शामिल किए जाएंगे।”
#WATCH दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "हम विकसित दिल्ली के बजट को 24 मार्च से 26 मार्च के बीच पेश करने की तैयारी कर रहे हैं… हम जनता की सारी आकांक्षाओं की पूर्ति के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सभी वर्गों की उन्नति, कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए कृत्य संकल्पित… pic.twitter.com/snqHy6sTLH
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 3, 2025
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे संकल्प पत्र में महिलाओं को आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य सेवा का विस्तार, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा, प्रदूषण को कम करना, नौकरियां, शिक्षा की बेहतर व्यवस्था, भोजन, वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण, यमुना नदी की सफाई, कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने जैसे महत्वपूर्ण विषय हमारे संकल्प में शामिल हैं।
WhatsApp नंबर और ईमेल जारी
जनता से सीधे सुझाव प्राप्त करने के लिए दिल्ली सरकार ने एक WhatsApp नंबर (9999962025) और एक ईमेल आईडी (viksitdelhibudget-25@delhi.gov.in) जारी किया है। दिल्ली के नागरिक अपने सुझाव इन माध्यमों से भेज सकते हैं।
इसके अलावा 5 मार्च को महिला संगठनों, 6 मार्च को व्यापारिक वर्ग और अन्य तारीखों में शिक्षा जगत, युवा एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से भी सुझाव लिए जाएंगे। मंत्रियों और विधायकों द्वारा इन समूहों से संपर्क कर उनकी राय जुटाई जाएगी।