दिल्ली में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए दिल्ली पुलिस ने विशेष सुरक्षा अभियान के तहत रात 9 बजे से 2 बजे तक जनरल गश्त शुरू कर दी है। यह कदम हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गृहमंत्री आशीष सूद और गृह सचिव गोविंद मोहन के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद उठाया गया। बैठक के तुरंत बाद, दिल्ली पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की मीटिंग हुई और उसी के परिणामस्वरूप मंगलवार रात से यह विशेष गश्त शुरू कर दी गई।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी ने कहा कि इस गश्त का मकसद अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करना और आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। दिल्ली पुलिस ने विशेष सुरक्षा अभियान के तहत रात 9 बजे से 2 बजे तक जनरल गश्त शुरू कर दी है।
500 से ज्यादा पुलिसकर्मी उतरे सड़कों पर
नॉर्थ दिल्ली डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि इस अभियान के तहत 500 से अधिक पुलिसकर्मियों को गश्त में शामिल किया गया। इस दौरान विधानसभा, एयरपोर्ट, चांदनी चौक, दिल्ली विश्वविद्यालय और सदर बाजार जैसे संवेदनशील इलाकों में कड़ी चेकिंग की गई।
डीसीपी बांठिया ने कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है और उनकी गतिविधियों पर नियंत्रण किया जाएगा। इससे अपराधियों में डर पैदा होगा और आम जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़ेगा।
बुराड़ी से हुई शुरुआत, सिविल लाइंस और कश्मीरी गेट तक चला अभियान
स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर रवींद्र यादव ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत बुराड़ी इलाके से हुई और इसे सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट और सदर बाजार समेत कई अन्य इलाकों में फैलाया गया। रात 1 बजे डीसीपी बांठिया खुद विधानसभा मेट्रो स्टेशन पहुंचे और गाड़ियों की जांच करवाई।
दिल्ली को सुरक्षित बनाना है लक्ष्य
स्पेशल सीपी छाया शर्मा ने कहा कि रात की गश्त से अपराधियों में भय बढ़ेगा और नागरिकों को सुरक्षा का एहसास होगा। वहीं, विशेष आयुक्त गरिमा भटनागर ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद अपराध पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
जनरल गश्त अभियान से बढ़ेगी सुरक्षा
इस अभियान का उद्देश्य दिल्ली में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करना और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना है। दिल्ली पुलिस का यह कदम अपराध रोकने में कितना कारगर साबित होगा, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।