रिपोर्ट: सत्यम दुबे
मेरठ: यूपी के मेरठ जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे जान आपके भी होश उड़ जायेंगे। यहां एक बहू ने अपने ससुर की सुपारी देकर हत्या करवा दी। हत्या का कारण प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने बहू समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लेकिन हत्या करने वाला शूटर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
यह सनसनीखेज घटना थाना मवाना क्षेत्र का है, जहां 28 जून को दिनदहाड़े किसान सतपाल सिंह की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हत्यारे मौके से फरार हो गए थे। इस केस का खुलासा करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। परिवार वालों से पूछताछ हुई तो प्रॉपर्टी विवाद का मामला सामने आया।
आपको बता दें कि सतपाल सिंह की बहू शालिनी के पति की 2 साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद ससुर की प्रॉपर्टी में हिस्सा पाने के लिए घर में कई बार झगड़ा भी हुआ। इस बीच शालिनी और उसके परिवार वालों ने मिलकर सतपाल सिंह की हत्या की साजिश रच डाली, जिसके लिए गांव के ही रहने वाले जुल्फिकार और एक अन्य व्यक्ति ने 6 लाख में शूटरों की व्यवस्था की।
इतना ही नहीं वारदात को अंजाम देने से लगभग 2 महीने पहले शालिनी ने अपने भाई ललित उर्फ टीनू और पिता भोपाल के साथ मिलकर हत्या की प्लानिंग की थी। शालिनी के भाई ललित उर्फ टीनू ने जुल्फिकार उर्फ लालू को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ग्राम ततिना में घटनास्थल व मृतक सतपाल की पहचान कराई गई और एक पासपोर्ट साइज फोटो भी दी थी।
वारदात को अंजाम देने के लिए मुखबिरी भी कराई गई। इसके साथ ही डेढ़ लाख रुपए की रकम एडवांस में भी शूटरों को दे दी गई। 28 जून को सतपाल सिंह की हत्या कर दी गई। इस मामले मे पुलिस ने शालिनी और उसके परिवार के 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन हत्याकांड को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी शूटर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।