दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। नामांकन के बाद आयोजित जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं और आम जनता को संबोधित किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने दतिया की जनता से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उपचुनाव की स्थिति जनता पर थोपी गई है। उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने और कांग्रेस के पक्ष में समर्थन देने का आग्रह किया।

नामांकन कार्यक्रम और जनसभा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, डॉ. गोविंद सिंह सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। इसके अलावा राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, प्रदेश सहप्रभारी एवं सांसद संजना जाटव, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, लाखन सिंह, वरिष्ठ विधायक फूल सिंह बरैया और अन्य विधायक व पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम को पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर जनता के बीच पहुंचने और पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया। दतिया उपचुनाव में अब राजनीतिक मुकाबला और तेज होने की संभावना है। आने वाले दिनों में दोनों प्रमुख दलों की ओर से प्रचार अभियान को और गति मिलने की उम्मीद है।