उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के मुंडेरा गांव में पुरानी रंजिश में हुई चाकूबाजी की घटना में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद बलिया स्थित जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घटना को अंजाम देने के उपरांत आरोपी मौके से फरार हो गया ।
मुंडेरा गाँव मे मृतक नंद कुमार 35 पुत्र स्व. शिव गोविंद अपने दो बड़े भाइयों पंकज कुमार 36 तथा अमर नाथ राम 50 साथ घर पर मौजूद थे। तभी हमलावर अजीत राम तथा उसके पिता जानू राम आए और गाली गलौज करने लगे। प्रतिरोध करने पर दोनों ने चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
खून से लथपथ तीनों घायल ज़मीन पर गिर पड़े। जिसमें नंद कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि पंकज कुमार और अमरनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक सौरभ राय तथा सिटी इंचार्ज प्रमोद सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुँचे और घायलों को रसड़ा अस्पताल पहुँचाया। डाक्टरो ने दो लोग की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।