रिपोर्ट: सत्यम दुबे
गाजीपुर: यूपी के गाजीपुर जिले से वारदात का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आपका भी दिल दहल जायेगा। जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुर में गुरुवार शाम को सैलून में बाल कटाने के दौरान विवाद हो गया। विवाद में नाई ने 16 साल के किशोर के पेट में कैंची घोप दी जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
आपको बता दें कि नाई ने लड़के के साथी पर भी कैंची से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख पुकार के बाद आस-पास के लोग घटना स्थल पर आये। तत्काल दोनों को उपचार के लिए मुहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। जहां डॉक्टरों ने एक किशोर को मृत घोषित कर दिया। घायल साथी का जिला अस्पताल में इलाज के बाद वाराणसी में इलाज चल रहा है और उसकी भी हालत गंभीर है।
पखनपुरा के डफालटोला के रहने वाले वारिस (14) पुत्र नौशाद उर्फ जल्ला अपने दोस्त सैफ के साथ पखनपुरा चट्टी पर स्थित एक सैलून में बाल कटवाने गया था। हेयर स्टाइल को लेकर उसकी नाई समीर उर्फ गाठा से कहासुनी होने लगी। थोड़ी ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया। स्थानीय लोगों की मानें तो गुस्से में नाई समीर ने दुकान से कैंची निकाल ली और सबसे पहले वारिस और फिर सैफ के शरीर पर कई प्रहार कर दिए।
कैंची के वार से बुरी तरह जख्मी वारिस जमीन पर गिर पड़ा और छटपटाने लगा। आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी इसके बाद वारिस को आनन-फानन में इलाज के लिए मुहम्मदाबाद अस्पताल ले गए। खून अधिक बह जाने की वजह से उसे बचाया नहीं जा सका और चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
वारदात की जानकारी होते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौजूद लोगों से जानकारी ली। एसपी ने अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए एसओ को निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक की मानें तो पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। छात्र की हत्या के मामले में तहकीकात शुरू कर दी गई है।