1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नामांकन के दौरान महिला से बदसलूकी मामले में CM योगी सख्त, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, चार और पुलिसकर्मी सस्पेंड

नामांकन के दौरान महिला से बदसलूकी मामले में CM योगी सख्त, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, चार और पुलिसकर्मी सस्पेंड

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
नामांकन के दौरान महिला से बदसलूकी मामले में CM योगी सख्त, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, चार और पुलिसकर्मी सस्पेंड

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

लखीमपुरखीरी: जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव समाप्त होने के बाद अब ब्लाक प्रमुख के चुनाव की तैयारियां चल रहीं हैं। गुरुवार को ब्लाक प्रमुख के चुनाव के लिए नामांकन किया गया। इस दौरान सूबे के कई जिलों से हिंसा, मारपीट और फायरिंग के मामले सामने आये। इसी क्रम में लखीमपुर खीरी में एक ऐसी घटना घटी जिसे जानकर आप भी दंग रह जायेंगे। यहां एक महिला के साथ बदसलूकी की गई, वहीं उसकी साड़ी भी खीचने का प्रयास किया गया। जिसके बाद से ही सूबे में सियासत गर्मा गई है।

इस मामले को लेकर सरकार अब एक्शन में आ गई है। सीओ मोहम्मदी अभय मल्ल और इंस्पेक्टर आदर्श कुमार सिंह के बाद चार और पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए गए हैं। कयास लगाया जा रहा है कि अभी और लोगों पर कार्रवाई की गाज गिर सकती है।

आपको बता दें कि लखीमपुर खीरी में CO और इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है। शासन के आदेश के बाद SP खीरी ने बैरियर पर ड्यूटी कर रहे मैगलगंज के इंस्पेक्टर क्राइम हनुमान प्रसाद, चौकी इंचार्ज बरवर महेश गंगवार, जेबीगंज चौकी इंचार्ज दुर्वेश गंगवार और उचौलिया चौकी इंचार्ज उग्रसेन को भी सस्पेंड कर दिया गया है।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौरसिया ने कहा कि मामले को देखते हुए जिला स्तर से मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं। जांच के लिए दो लोगों को नियुक्त किया गया है। महिला से बदसलूकी मामले में चुनाव आयोग को भी एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

गुरुवार को नामांकन के दौरान गुरुवार यहां हुए बवाल और महिला प्रस्ताव से बदसलूकी मामले को CM योगी ने गंभीरता से लिया है। जिसके बाद सीओ मोहम्मदी और पसगवां इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया। सीएम योगी ने शुक्रवार सुबह टीम-9 की बैठक में आदेश जारी किए हैं। साथ ही सीएम योगी ने कहा पूरे मामले की जांच जाएगी। इसके आदेश भी दे दिए गए हैं।

सीएम ने आगे कहा कि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर तैनात जिम्मेदारी अधिकारियों और माहौल बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। वहीं सीएम योगी ने कहा कि किसी भी दशा में माहौल खराब करने की एक भी कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...