मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में उद्योग और नवाचार को बढ़ावा देने वाले बड़े व्यापारिक आयोजन ‘फेड एक्सपो–2025’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को गोविंदपुरा स्थित GIA एग्ज़िबिशन सेंटर में किया। इस आयोजन को प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जीआईए एग्जीबिशन सेंटर, गोविंदपुरा, भोपाल में फेड एक्सपो – 2025 में आगंतुक विदेशी निवेशकों और अन्य उद्योगपतियों का स्वागत किया।
उद्योग जगत को मिलेगा बड़ा मंच
फेड एक्सपो–2025 में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स, MSME सेक्टर, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी, स्टार्टअप्स जैसे कई क्षेत्रों से जुड़े उद्यमी और उद्योग प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य निवेश, तकनीक, आधुनिक मशीनरी और नए व्यावसायिक अवसरों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है।

सीएम ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया
शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने नई उभरती तकनीकों, मैन्युफैक्चरिंग मॉडल और नवाचार आधारित उत्पादों की जानकारी ली। सीएम ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के लिए स्थिर और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे निवेश के बेहतर अवसर बन रहे हैं।
प्रदेश के MSME सेक्टर को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि फेड एक्सपो–2025 जैसे आयोजन MSME क्षेत्र को मजबूत करेंगे। साथ ही स्थानीय उद्योगों के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में भी मदद करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को पारदर्शी नीति, सिंगल विंडो सिस्टम, भूमि आवंटन में सरलता जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
उद्योगों, स्टार्टअप्स और युवाओं के लिए अवसर
फेड एक्सपो–2025 में युवा उद्यमियों, स्टार्टअप्स और टेक्नोलॉजी डेवलपर्स के लिए विशेष ज़ोन तैयार किया गया है। यहां वे निवेशकों से संवाद कर सकेंगे और अपने उत्पादों व सेवाओं का प्रदर्शन कर पाएंगे।