“लोक निर्माण से लोक कल्याण” के विजन को सशक्त आधार देने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा निरंतर क्षमता संवर्धन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 12 फरवरी 2026 को भोपाल स्थित रवीन्द्र भवन में मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के तत्वावधान में एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जानकारी दी कि यह कार्यशाला निर्माण क्षेत्र से जुड़े अभियंताओं एवं तकनीकी अधिकारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। इस कार्यशाला में लोक निर्माण विभाग, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के लगभग 2,000 अभियंता एवं तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण कैलेंडर एवं परियोजना प्रबंधन पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। साथ ही परियोजना प्रबंधन प्रणाली-2.0 डिजिटल पोर्टल का प्रदर्शन एवं औपचारिक शुभारंभ होगा। मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा विकसित यह उन्नत डिजिटल प्रबंधन प्रणाली निर्माण कार्यों के सुव्यवस्थित, पारदर्शी और दक्ष क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगी। इस प्रणाली की प्रमुख विशेषताएँ-
उत्तरदायी-जवाबदेह-समय-सीमा प्रणाली: प्रत्येक परियोजना के लिए संबंधित अधिकारी, सक्षम स्वीकृतकर्ता और निर्धारित समय-सीमा स्पष्ट रूप से दर्ज।
प्रक्रिया नियंत्रण द्वार प्रणाली: आवश्यक कार्य, अभिलेख एवं स्वीकृतियों के पूर्ण होने के बाद ही अगले चरण की अनुमति।
मानक कार्य प्रणाली: सभी परियोजनाओं में एकरूपता और प्रशासनिक दक्षता।
स्वचालित पत्र निर्माण सुविधा: त्वरित, पारदर्शी और कागजरहित विभागीय पत्राचार।
कार्यशाला के दौरान मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम एवं मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं-
केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान
भारतीय राजमार्ग अभियंता अकादमी
इंजीनियरिंग स्टाफ कॉलेज ऑफ इंडिया
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मुंबई
स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर भोपाल
इन साझेदारियों से प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, अनुसंधान आधारित नवाचार और आधुनिक तकनीकों का समावेश सुनिश्चित होगा।
कार्यशाला में राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ निम्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे-
क्षमता निर्माण
हरित भवन अवधारणा (Green Building Concept)
आधुनिक भवन निर्माण तकनीक
गुणवत्ता नियंत्रण
निर्माण क्षेत्र में नवाचार
साथ ही विक्रांत सिंह तोमर द्वारा क्षमता निर्माण विषय पर विशेष व्याख्यान दिया जाएगा।
यह क्षमता संवर्धन कार्यशाला प्रदेश के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं दक्षता को नई ऊंचाई प्रदान करेगी। अभियंताओं और तकनीकी अधिकारियों को नवीनतम तकनीकी ज्ञान, गुणवत्ता आधारित निर्माण प्रक्रियाओं और सतत विकास के सिद्धांतों से अवगत कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की यह पहल तकनीकी सुदृढ़ता, डिजिटल नवाचार और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से “लोक निर्माण से लोक कल्याण” के संकल्प को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।