1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. दिल्ली शराब नीति मामला: AAP सांसद संजय सिंह ने गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए दिल्ली HC का किया रुख

दिल्ली शराब नीति मामला: AAP सांसद संजय सिंह ने गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए दिल्ली HC का किया रुख

शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दिल्ली शराब नीति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उनकी गिरफ्तारी और ट्रायल कोर्ट की रिमांड को चुनौती देते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया। सिंह की याचिका का उल्लेख मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति संजीव नरूला की पीठ के समक्ष किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोर्ट आज इस मामले की सुनवाई कर सकता है।

By Rekha 
Updated Date

नई दिल्ली: शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दिल्ली शराब नीति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उनकी गिरफ्तारी और ट्रायल कोर्ट की रिमांड को चुनौती देते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया। सिंह की याचिका का उल्लेख मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति संजीव नरूला की पीठ के समक्ष किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोर्ट आज इस मामले की सुनवाई कर सकता है।

प्रवर्तन निदेशालय ने सिंह की गिरफ्तारी का आधार नहीं बताया

उनके वकील ने मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने का उल्लेख किया, जिसे सीजे सतीश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने अनुमति दे दी। वकील ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने सिंह को गिरफ्तारी का आधार नहीं बताया। दूसरी ओर, ईडी ने आरोप लगाया है कि सिंह ने अब बंद हो चुकी दिल्ली शराब नीति को तैयार करने और लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

आज दोपहर 2 बजे राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा

इस शराब नीति का उद्देश्य कथित तौर पर कुछ शराब निर्माताओं, थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं को लाभ पहुंचाना था। सिंह फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में हैं जो आज खत्म हो रही है। उन्हें आज दोपहर 2 बजे राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा। राज्यसभा सांसद संजय सिंह को उनके आवास पर केंद्रीय एजेंसी द्वारा तलाशी के बाद 4 अक्टूबर को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था। 5 अक्टूबर को उन्हें 10 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया था।

उनकी रिमांड 13 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई। संजय सिंह को गिरफ्तार करने के बाद ईडी ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने संजय सिंह को पांच दिन के लिए ईडी की रिमांड पर भेज दिया। रिमांड के दौरान सिंह से पूछताछ की गई, वहीं दूसरी ओर उनके रिश्तेदारों को भी समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया। ईडी ने विवेक त्यागी और सर्वेश मिश्रा को समन जारी कर पूछताछ की।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...