1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. भोपाल में फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के खिलाफ ब्राह्मण समाज का विरोध

भोपाल में फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के खिलाफ ब्राह्मण समाज का विरोध

नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ फिल्म को बताया समाज की छवि धूमिल करने वाला...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
भोपाल में फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के खिलाफ ब्राह्मण समाज का विरोध

राजधानी भोपाल में फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। Netflix पर रिलीज़ हुई इस फिल्म के खिलाफ ब्राह्मण समाज के लोग सड़कों पर उतर आए और एमपी नगर चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फिल्म में ब्राह्मण समाज को नकारात्मक और अपमानजनक रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिससे समाज की छवि को ठेस पहुंची है।

एमपी नगर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन

एमपी नगर चौराहे पर धोती-कुर्ता धारी पंडितों ने एकत्र होकर नारेबाजी की और फिल्म को तत्काल हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फिल्म के कंटेंट से एक पूरे समाज को बदनाम करने की कोशिश की गई है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निर्माताओं पर FIR की मांग

प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने फिल्म के निर्माता नीरज पांडे, अभिनेता मनोज बाजपेयी और नेटफ्लिक्स की कंटेंट हेड रुचिका कपूर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे कानूनी रास्ते के साथ-साथ आंदोलन को और तेज करेंगे।

देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि फिल्म को प्लेटफॉर्म से नहीं हटाया गया और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो यह आंदोलन केवल भोपाल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे देशभर में उग्र रूप दिया जाएगा।

प्रशासन पर बनी नजर

फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं नेटफ्लिक्स या फिल्म से जुड़े पक्षों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...