रिपोर्ट: सत्यम दुबे
बाराबंकी: यूपी के बाराबंकी जिले से वारदात का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप भी दंग रह जायेंगे। जिले की सीमा पर स्थित सुबेहा थाने के पंडित पुरवा गांव में घर पर अकेले रह रहे BJP नेता की अज्ञात ने हत्या कर दी। वारदात का कारण संपत्ति बताई जा रही है। वारदात के बाद मकान के पीछे शव छोड़कर आरोपी भाग निकले।
घर के पीछे शव पड़े होने पर गांव वालों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। आपको बता दें कि BJP बूथ अध्यक्ष रहे मृतक की कोई संतान नहीं थी। दो महीने पहले ही पत्नी का निधन हो गया था और वह इस समय अकेले रह गए थे। 65 वर्षीय हरिहर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में निर्मम हत्या की गई है। मृतक के गले पर निशान मिले हैं।
घटना की जानकारी होते ही घटनास्थल पर पहुंचे CO और स्थानीय पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। मृतक का पोल्ट्री फार्म का व्यवसाय था। अब संपत्ति के लालच में रिश्तेदारों और गांव के कुछ लोगों पर गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच में जुट गई है।
इस हत्या के बारे में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मृतक के शव को पोस्टमोर्टम के लिए भेज दिया गया है।