मध्य प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दतिया में होने वाले आगामी चुनाव को लेकर कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और पूरी क्षमता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने बताया कि दतिया चुनाव के प्रभारी और सह-प्रभारी से उनकी बातचीत हुई है और नरसिंहपुर प्रवास से लौटने के बाद वह चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से शामिल होंगे।
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि दतिया पहुंचने के बाद वह भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से भाजपा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से जुड़े राजनीतिक सवाल पर मंत्री ने कहा कि वह एक अनुभवी और समझदार नेता हैं तथा उन्हें भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का भविष्य मजबूत है।

जब मीडिया ने दिग्विजय सिंह के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया मांगी तो गोविंद सिंह राजपूत ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह क्या कह रहे हैं और उनके बयानों का क्या आशय है, यह वही बेहतर जानते हैं।
मंत्री ने इस दौरान अवधेश नायक की प्रशंसा करते हुए उन्हें अच्छा व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि उनके पास परिस्थितियों को समझकर उचित निर्णय लेने का अवसर है।