बॉलीवुड एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता फिल्मों में अपनी वापसी के लिए कमर कस चुकी हैं। 8 नवंबर को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लंबा पोस्ट लिखकर ये जानकारी साझा की है। इस पोस्ट में उन्होंने अपनी आईटी जॉब के बारे में भी बात की है।
कुछ वक्त पहले खबर आई थी कि वह एक अमरीकी कंपनी में आईटी क्षेत्र में काम कर रही हैं। इसे एक बहुत अच्छा अवसर बताते हुए तनुश्री ने कहा कि उनके पास हमेशा से आईटी के क्षेत्र में काम करने के लिए जरूरी अनुशासन, निष्ठा और दृढ़ निश्चय था।
अपनी फोटो के कैप्शन में तनुश्री ने लिखा, “मैंने इस नौकरी को नहीं स्वीकारा क्योंकि मैं अपने एक्टिंग के करियर को फिर से शुरू करना चाहती हूं। महामारी के खत्म होने के बाद मुझे इस नौकरी के लिए न्यूयॉर्क में रहना पड़ेगा।
इस नौकरी के चलते मुझे तीन सालों तक अमरीका से वापस आने की भी अनुमति नहीं मिलेगी। इसके लिए मुझे 3 सालों के कान्ट्रैक्ट पर दस्तखत भी करने होंगे। सुरक्षा के क्षेत्र ये जुड़ी नौकरी की वजह से इसके नियम भी सख्त हैं। ताकि कर्मचारी बार-बार नौकरी को न छोड़ें।”

कोई कुछ भी कहे तनुश्री मन से अभी भी ऐक्टिंग ही करना चाहती हैं। उन्होंने लिखा “चूंकि मैं मन से एक कलाकार ही हूं, जिसे कुछ बहुत बुरे लोगों और उनके द्वारा खड़ी की गई परेशानियों की वजह से अपने काम और कला से दूर रहना पड़ा, इसलिए मैं अपने करियर से जुड़ा कोई फैसला जल्दबाजी में नहीं लेना चाहती।
मैं बॉलीवुड में अपने लिए विकल्पों पर एक बार फिर से विचार कर रही हूं। मुझे बॉलीवुड और मुंबई में कुछ बहुत अच्छे लोग मिले हैं इसलिए मैं भारत वापस आ गई हूं। कुछ समय के लिए यहीं रहूंगी और कुछ बेहतरीन प्रोजेक्ट्स पर काम करुंगी। बॉलीवुड से मुझे फिल्म और वेब सीरीज में काम करने के ऑफर आ रहे हैं। इंडस्ट्री के लोग मेरे दुश्मनों से ज्यादा मुझे कास्ट करना चाहते हैं।