सीहोर। जिले के दोराहा तहसील अंतर्गत ग्राम पीपलखेड़ा से एक मामला सामने आया है, जहां एक दिव्यांग व्यक्ति ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकान का निर्माण नहीं होने देने का आरोप लगाया है। पीड़ित मंगलवार को अपने परिवार के साथ जनसुनवाई में पहुंचा और अतिरिक्त कलेक्टर को आवेदन देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पीपलखेड़ा निवासी सुखवेंद्र दांगी ने आवेदन में बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने की स्वीकृति मिली है। उन्होंने जब स्वीकृत आवास का निर्माण कार्य शुरू किया तो गांव के कुछ लोगों ने कथित रूप से मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। पीड़ित का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को वहां से भगा दिया जाता है और उन्हें व उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जाती हैं।

सुखवेंद्र दांगी ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें बिना किसी डर के अपना आवास बनाने दिया जाए और कथित रूप से बाधा पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। आवेदन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि आरोपित पक्ष के कुछ लोगों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल यह मामला जनसुनवाई में दिए गए आवेदन पर आधारित है। लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन द्वारा जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।