खंडवा। शहर में महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ अखाड़ा शाला खंडवा, सिंधी सेवा मंडली एवं उच्च पंचायत खंडवा के तत्वाधान में पांच दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सिंधी कॉलोनी स्थित उद्यान में आयोजित किया गया है।
शिविर में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रसिद्ध प्रशिक्षक बलवंत सिंह देवड़ा द्वारा दिया जा रहा है। वे वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर होने के साथ-साथ भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा सम्मानित भी हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा के तरीके सिखाए जा रहे हैं।
शिविर के पहले दिन ही 200 से अधिक प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा शामिल रहे। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में स्वयं की रक्षा के लिए अपनाई जाने वाली तकनीकों को आत्मरक्षा कहा जाता है।
आयोजकों ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और युवाओं को आत्मविश्वासी बनाना तथा उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। आने वाले दिनों में भी प्रशिक्षण के माध्यम से कई महत्वपूर्ण तकनीकें सिखाई जाएंगी।