उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पनकी क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी में खाली पड़े एक प्लाट में 4 नरमुंड पड़े मिले हैं। सभी सिंदूर और कालिख लगी थी। पास में ही चूड़ी पड़ी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले कुत्ता एक नरमुंड को उठा ले गया। पुलिस ने नरमुंड कंकालों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। पुलिस और स्थानीय लोग नरमुंड के कंकालों को पुराना बता रही है। इसकी भी आशंका है कि किसी तांत्रिक ने इसका इस्तेमाल अपनी तंत्र-मंत्र साधना में करने के बाद यहां फेंक दिया।
कांशीराम आवास योजना की कॉलोनी के ठीक सामने खाली पड़े प्लाट में सोमवार सुबह क्षेत्रीय लोग टहलने निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर खाली पड़े प्लाट में पड़े 4 नरमुंडों पर पड़ी तो लोग नजदीक जाकर देखने लगे। नरमुंड कंकाल पर सिंदूर और कालिख लगाई गई थी।
कुछ ही देर में लोगों का मजमा लग गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने चार नरमुंड को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया और आसपास लोगों से पूछताछ की। क्षेत्रीय लोग तंत्र-मंत्र में नरमुंडों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई है। लेकिन वही पुलिस तंत्र-मंत्र की बात से इंकार करते हुए कहा कि नरमुंड कंकाल पुराना है और कहीं और से लाकर डाले गए हैं।
SP कानपुर पश्चिम डॉक्टर अनिल कुमार ने पनकी थाना के काशीराम कॉलोनी में 4 नरमुंड कंकाल बरामद हुए हैं। फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया देखने से लग रहा है कि नरमुंड काफी पुराने हैं और कहीं से लाकर डाला गया है।
जो नरमुंड मिले हैं वह देखने से बच्चों का नहीं लग रहा है। सभी वयस्क के नरमुंड प्रतीत हो रहे हैं। तंत्र मंत्र की जो बात सामने आ रही है, उसकी जांच कराई जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।