इंदौर में आयोजित “Young Entrepreneurs Forum 2025” में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ऊर्जावान युवाओं और नवोदित उद्यमियों से संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे देश में मध्यप्रदेश औद्योगीकरण के क्षेत्र में सबसे तेज़ गति से आगे बढ़ने वाला राज्य बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश ने औद्योगिक विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। स्पष्ट नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण और बेहतर अधोसंरचना के कारण राज्य आज निवेशकों और युवाओं के लिए नए अवसरों का केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य उद्योगों के माध्यम से रोजगार सृजन कर युवाओं के जीवन को संवारना है और इसके लिए निरंतर नवाचार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि आगामी 25 दिसंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह प्रदेश को लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने जा रहे हैं। इससे औद्योगिक निवेश, आधारभूत ढांचे और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर क्षेत्र में उद्योग स्थापित हों और युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर रोजगार मिले।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार ने स्पष्ट लक्ष्य, बढ़ता बजट, तेज़ विकास की रफ्तार, आईटी पार्कों का विस्तार, स्वास्थ्य और नवाचार पर विशेष फोकस जैसी नीतियां अपनाई हैं। इन प्रयासों के कारण मध्यप्रदेश का हर क्षेत्र आज युवाओं के लिए अवसरों से भरा हुआ है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उद्यमिता को अपनाएं और राज्य के विकास में सहभागी बनें, क्योंकि सरकार हर स्तर पर उन्हें सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।