अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के शहरफाटक क्षेत्र में 5.16 किलो चरस के साथ दो युवकों को पुलिस ने दबोचा है। इनमें एक पतलोट महाविद्यालय का छात्र भी शामिल है। स्कूटी की डिग्गी में छिपा कर रखी गई चरस बेचने के लिए हल्द्वानी ले जाई जा रही थी। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5.16 लाख रुपये आंकी गई है।
नशा मुक्त जनपद के लिए गांधी जयंती से एसएसपी प्रह्लादनारायण मीणा ने मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश को ‘आॅपरेशन नया सवेरा’ मुहिम नए स्वरूप में शुरू की थी।
दो अक्टूबर को ही मोरनौला (लमगड़ा थाना क्षेत्र) में 2.25 लाख रुपये की चरस पकड़ी गई। अब इसी क्षेत्र में दूसरी बड़ी सफलता मिली है। एंटी ड्रग टास्क फोर्स व लमगड़ा पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान शहरफाटक क्षेत्र में बगैर हेलमेट स्कूटी सवार दो युवकों को रोका गया।
कागजात मांगे जाने पर चालक ने डिग्गी खोली। तभी पुलिस की नजर एक थैली पर पड़ी। इससे दोनों युवा घबरा गए। संदेह बढ़ने पर तलाशी में थैली से 5.16 किलो चरस बरामद हुई।
पुलिस ने पवनेश कुमार पुत्र शेरी राम निवासी गलनी पोस्ट कालागर व टीकम सिंह चिलवाल पुत्र भूपाल सिंह चिलवाल निवासी चमोली गांव पोस्ट बडौन तहसील धारी (दोनों मुक्तेश्वर नैनीताल) को गिरफ्तार कर लिया।
मुकदमा दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी सीज कर दी गई है। पवनेश हल्द्वानी स्थित एक होटल में काम करता है जबकि टीकम सिंह पतलोट महाविद्यालय (धारी नैनीताल) में बीए का छात्र है।