1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. Mp News: हरपालपुर में यूरिया खाद को लेकर हंगामा, कूपन न मिलने पर ग्रामीणों का सड़क पर प्रदर्शन

Mp News: हरपालपुर में यूरिया खाद को लेकर हंगामा, कूपन न मिलने पर ग्रामीणों का सड़क पर प्रदर्शन

पर्याप्त खाद न मिलने से अन्नदाताओं में आक्रोश, ब्लैक मार्केटिंग की भी उठी शिकायतें...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Mp News: हरपालपुर में यूरिया खाद को लेकर हंगामा, कूपन न मिलने पर ग्रामीणों का सड़क पर प्रदर्शन

छतरपुर जिले के हरपालपुर में यूरिया खाद की कमी को लेकर शुक्रवार सुबह किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। सुबह 6 बजे से ही बड़ी संख्या में किसान हरपालपुर थाना परिसर में इकट्ठा होने लगे, क्योंकि यहां कूपन के आधार पर यूरिया खाद वितरण किया जा रहा था।

प्रशासन की ओर से कुल 1100 कूपन वितरित किए गए, जो सुबह 10 बजे तक बांटे गए। एक किसान को एक कूपन पर दो बोरी यूरिया खाद दिए जा रहे थे। लेकिन कई किसान देरी से पहुंचे और कूपन न मिलने पर सड़कों पर हंगामा करने लगे। किसानों ने खाद उपलब्धता को लेकर असंतोष जताते हुए त्वरित समाधान की मांग की।

थाना प्रभारी ने किसानों को समझाया, धैर्य रखने की अपील

स्थिति बिगड़ते देख हरपालपुर थाना प्रभारी संजय राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से शांत रहने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि- “हर किसान को पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराई जाएगी, बस व्यवस्था के अनुसार समय पर उपस्थित रहें ताकि सभी को कूपन मिल सके।” किसान नेताओं ने भी किसानों से सहयोग करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

ब्लैक मार्केटिंग के आरोप, 600 में बिक रही ₹300 की बोरी!

कई किसानों ने आरोप लगाया कि हरपालपुर क्षेत्र में कुछ व्यापारी दोगुने दामों पर ब्लैक में यूरिया बेच रहे हैं। किसानों के अनुसार, जहां एक बोरी यूरिया की सरकारी कीमत लगभग ₹300 है, वहीं ब्लैक मार्केट में इसे ₹600 तक बेचा जा रहा है।

किसानों ने इसे खुली कालाबाजारी बताते हुए कहा कि ऐसे विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की ताकि अन्नदाताओं को राहत मिल सके।

कमी के बीच बढ़ती मांग ने बढ़ाई परेशानी

रबी सीजन के चलते इलाके में यूरिया की मांग बढ़ गई है। प्रशासन के मुताबिक जल्द ही नए स्टॉक की आपूर्ति होने वाली है, जिससे किसानों की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि अव्यवस्था न फैले और किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध हो सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...