1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: चित्रकूट की जेल में गैंगवार पर सीएम योगी ने मांगी रिपोर्ट, मुख्तार के करीबी समेत दो कैदियों की गोली मारकर हत्या

UP: चित्रकूट की जेल में गैंगवार पर सीएम योगी ने मांगी रिपोर्ट, मुख्तार के करीबी समेत दो कैदियों की गोली मारकर हत्या

By: Amit ranjan 
Updated:
UP: चित्रकूट की जेल में गैंगवार पर सीएम योगी ने मांगी रिपोर्ट, मुख्तार के करीबी समेत दो कैदियों की गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट की जेल में हुए गैंगवार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनथ ने डीजी जेल से रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही उन्होंने चित्रकूट के कमिश्नर, चित्रकूट के पुलिस महानिरीक्षक और कारागार मुख्यालय के उप महानिरीक्षक की संयुक्त टीम से भी आज शाम तक जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट देने को कहा है। आपको बता दें कि, उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले की रगौली जेल में शुक्रवार को आपसी झड़प में मुख्तार अंसारी के करीबी समेत दो कैदियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

वहीं पुलिस ने अंशुल दीक्षित को आत्मसमर्पण को कहा, लेकिन वो नहीं माना और उसने पुलिस पर भी फायरिंग कर दी। जिसके जवाबी कार्रवाई में जेल पुलिस ने अंशुल दीक्षित को ढेर कर दिया।

रगौली जेल के जेलर एस.पी. त्रिपाठी ने बताया कि जेल में बंद कुछ कैदियों के बीच हुई आपसी झड़प के दौरान एक बंदी ने दो कैदियों की गोली मारकर हत्या कर दी, बाद में जेल सुरक्षाकर्मियों ने उसे भी मार गिराया।

जेलर त्रिपाठी ने बताया कि अभी फिलहाल जिले के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। घटना की पूरी जानकारी बाद में दी जाएगी। वहीं एक सवाल के जवाब में जेल अधिकारी ने बताया कि बीच-बचाव करने गए एक सुरक्षाकर्मी का सर्विस रिवाल्वर छीनकर बंदी ने दो कैदियों पर गोली चलाई। मामले की जांच की जा रही है।

 

वहीं चित्रकूट के एसपी अंकित मित्तल ने कहा कि जेल के अंदर हथियार कैसे पहुंचा, इसका पता लगाने के लिए जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी बैरक की तलाशी ली जा रही है। बता दें कि यह दूसरी बार है जब किसी गैंगस्टर ने जेल के अंदर दूसरे गैंगस्टर की हत्या की है। इससे पहले, जुलाई 2018 में गैंगस्टर मुन्ना बजरंगी को एक अन्य कैदी सुनील राठी ने बागपत जेल के अंदर गोली मार दी थी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...