नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के मेरठ से चोरी का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जिसे लेकर मेरठ पुलिस भी हैरान है। क्योंकि स्थानीय लोगों द्वारा इस बाबत एक रिपोर्ट दर्ज कराया गया है, जिसमें उन्होंने जल्द कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों के शिकायत के अनुसार स्कूटी सवार दो युवकों ने घर के बाहर तार पर सूख रहें युवती के अंडरगारमेंट्स की चोरी कर ली है। जिसे लेकर उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मुहैया कराया है।

सीसीटीवी फुटेज में आप देख सकते है कि दो युवक सफेद रंग की स्कूटी में आते हैं। एक शख्स स्कूटी से उतर कर आगे की तरफ चला जाता है और दूसरा स्कूटी लेकर थोड़ा आगे की तरफ बढ़कर एक घर के सामने खड़ा होता है। फिर स्कूटी की डिग्गी खोलकर आगे बढ़कर जल्दी से तार से सूख रहे युवती के अंडरगारमेंट्स उतार कर डिग्गी में रखकर फरार हो जाता है।

स्थानीय लोगों की मानें तो उनके अनुसार यह चोरी किसी तंत्र मंत्र का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने ये भी अंदेशा जताया कि कहीं तंत्र क्रिया के लिए उनके घर की बेटियों के कपड़ों की चोरी तो नहीं की जा रही। इस घटना को लेकर मेरठ के सदर बाजार अध्यक्ष सुनील दुआ का कहना है कि यह करतूत तंत्र मंत्र की तरफ इशारा कर रही है।

सदर बाजार थानाक्षेत्र के रहने वाले इन लोगों ने पुलिस से शिकायत कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों ने बताया कि घर के पास ही एक धार्मिक स्थल है, जहां पर लोग आते हैं और उनमें से ही यह किसी ने किया होगा।

वहीं इस मामले में सूरज राय एएसपी सदर, मेरठ का कहना है कि थाना सदर बाजार में एक परिवार ने सूचना दी है कि दो युवकों द्वारा महिला वस्त्रों की चोरी की गई है, इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और उन दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। आपको बता दें कि ये मामला रविवार का है।