1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP News: प्रदेश के विकास की गति अब और तेज होगी – CM डॉ. मोहन यादव

MP News: प्रदेश के विकास की गति अब और तेज होगी – CM डॉ. मोहन यादव

सबकी समृद्धि और खुशहाली ही सरकार का पारितोषिक, 2026 होगा किसान कल्याण वर्ष...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: प्रदेश के विकास की गति अब और तेज होगी – CM डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार समग्र विकास के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है और अब मध्यप्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों की ओर तेज़ी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और कोई भी वर्ग मुख्यधारा से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को उज्जैन जिले के खाचरौद में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

78.61 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खाचरौद को 78 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत के कुल 39 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 48.51 करोड़ रुपये के 16 कार्यों का लोकार्पण तथा 30.10 करोड़ रुपये के 23 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी कार्य खाचरौद के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला सिद्ध होंगे और क्षेत्र को विकास की नई दिशा देंगे।

सांदीपनि विद्यालय और नवीन कृषि उपज मंडी से बदलेगा भविष्य

मुख्यमंत्री ने 35.40 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय तथा 11.30 करोड़ रुपये की लागत से बने नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय आधुनिक शिक्षण सुविधाओं का प्रतीक बनकर विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा प्रदान करेगा। यह विद्यालय प्रदेश में शिक्षा के पवित्र मंदिर के रूप में बच्चों के बेहतर और सुनहरे भविष्य की नई इबारत लिखेंगे। नवीन कृषि उपज मंडी में किसानों की सुविधा के लिए कृषक विश्राम गृह, भोजनालय, पानी की टंकी और प्याऊ जैसी व्यवस्थाएँ भी की गई हैं।

संयुक्त तहसील कार्यालय और जनपद पंचायत भवन का होगा निर्माण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खाचरौद में 9.10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संयुक्त तहसील कार्यालय, 5.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जनपद पंचायत भवन तथा 6.91 करोड़ रुपये की लागत से स्वच्छ भारत मिशन (SBM-2.0) सहित अन्य प्रस्तावित कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा संचालित खाचरौद के माध्यमिक विद्यालय में 11 स्मार्ट क्लासेस का सिंगल क्लिक से लोकार्पण किया।

फूड पार्क, स्टेडियम और फोरलेन सड़क की घोषणाएँ

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में प्रचुर मात्रा में होने वाली हरी मटर और अन्य फसलों को देश-विदेश तक पहुँचाने के लिए खाचरौद में फूड पार्क स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही खिलाड़ियों के लिए नया स्टेडियम बनाने और खाचरौद को रतलाम से डायरेक्ट फोरलेन सड़क से जोड़ने की घोषणा की, जिससे खाचरौद को इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन एरिया से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

5 हजार करोड़ का फोरलेन हाईवे और सिंचाई क्षमता में वृद्धि

मुख्यमंत्री ने बताया कि नागदा-खाचरौद-जावरा-उज्जैन मार्ग पर लगभग 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से नया फोरलेन हाईवे बनाया जा रहा है। इससे पूरे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा। उन्होंने कहा कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल राष्ट्रीय नदी लिंक परियोजना से मालवा, निमाड़ और चंबल क्षेत्र को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी। सरकार का लक्ष्य अगले पाँच वर्षों में प्रदेश की सिंचाई क्षमता बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर कृषि रकबे तक पहुँचाना है।

2026 होगा किसान कल्याण वर्ष

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान सरकार का पूरा फोकस किसानों पर रहेगा। उन्होंने कहा कि कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों और कृषि उद्यमियों को नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि गेहूं खरीदी पर किसानों को 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। साथ ही अगले तीन वर्षों में प्रदेश के 32 लाख किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जादाता भी बन सकेंगे और बिजली बिल से स्थायी मुक्ति मिलेगी।

सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा और महानगरीय विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागदा की विश्व स्तर पर अलग पहचान है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में सांस्कृतिक चेतना का अभ्युदय हो रहा है। सिंहस्थ 2028 की तैयारियाँ जारी हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सर्वश्रेष्ठ स्कूल बनाए जा रहे हैं और इसी क्रम में खाचरौद को नया सांदीपनि विद्यालय मिला है। सरकार श्री कृष्ण पाथेय का निर्माण कर रही है और श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा।

किसानों को राहत और नदी जोड़ो परियोजनाएँ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने किसानों को लगभग 3 हजार करोड़ रुपये वितरित किए हैं। भावांतर योजना के अंतर्गत 6.50 लाख किसानों को 1300 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड के 13 जिले लाभान्वित होंगे, जबकि नर्मदा के आशीर्वाद से मालवा–निमाड़ पहले से सिंचित है। इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, शाजापुर, रतलाम के कुछ हिस्से अब मेट्रोपॉलिटन एरिया में शामिल होंगे।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में उज्जैन लोकसभा सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ महाराज, खाचरौद विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश की ओर कदम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। समाज के हर वर्ग की भागीदारी से आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...