रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
उत्तर प्रदेश : जब व्यक्ति किसी पद पर होता है तो कई बार वो अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हैं । कुछ ऐसा ही हुआ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में, जहां से एक दर्दनाक घटना सामने आयी है । जिले के सचिवालय में तैनात एक संविदाकर्मी विशाल सैनी ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली । मृतक का शव बुधवार को एक रेलवे क्रॉसिंग के पास पड़ा मिला । घटनास्थल से विशाल का लिखा हुआ सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसने लोगों के होश उड़ा दिए और सीधेतौर पर एक आईपीएस आॅफिसर के कामों पर सवालिया निशान छोड़ दिया।

दरअसल, सुसाइड नोट में विशाल ने एक महिला पुलिस अधिकारी पर उसे सेक्स रैकेट में फंसाने का आरोप लगाया है। जिसके चलते उसे जेल भी जाना पड़ा था । विशाल ने अपने सुसाइड नोट में लिखा, मैं विशाल सैनी पुत्र श्री अर्जुन सैनी अपने पूरे होश-हलास में आत्महत्या कर रहा हूं । उसकी जिम्मेदार आईपीएस प्राची सिंह हैं जिन्होंने मेरा करियर खराब कर दिया, जिसकी वजह से मैं समाज में नजरें उठाकर नहीं चल पा रहा हूं । मुझे घुटन सी महसूस हो रही है । मैं अपने परिवार से भी नजरें नहीं मिला पा रहा हूं ।
विशाल ने आगे लिखा है – प्राची सिंह आईपीएस 2017 बैच को कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए । जिससे कि ये निर्दोष लोगों को जेल ना भेज सकें, अपने पद का गलत इस्तेमाल न कर सकें । अपने प्रमोशन के चक्कर में कई निर्दोषों को सजा न दे सकें । मृतक विशाल का कहना है, मैं बेकसूर था मुझे सेक्स रैकेट में प्राची सिंह ने फंसाया है ।

विशाल के सुसाइड नोट में आखिरी शब्द अपने माता-पिता के लिए थे । सुसाइड नोट में लिखा था- मम्मी-पापा अपना ख्याल रखना । एलआईसी से जो पैसा मिले उसे अपने मकान के लिए उपयोग करना, आपका लाड़ला विशाल सैनी ।
मृतक विशाल सैनी लखनऊ के चांदगंज छपरतल्ला का रहने वाला है । विशाल सचिव यूपी भूतत्व एवं खनिकर्म डा. रोशन जैकब के कार्यलाय में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर कार्यरत था । परिवार में माता-पिता और चार भाई हैं ।
जानकारी के मुताबिक, विशाल बुधवार को दफ्तर के लिए घर से निकला था और दोपहर के समय उसका शव रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला । सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच है । पुलिस ने विशाल की शिनाख्त के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । साथ ही मामले की जांच में जुट गई है ।