मध्यप्रदेश के मैहर में एक वायरल ऑडियो को लेकर नया विवाद सामने आया है। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दीपा मिश्रा और कैलाश मिश्रा के खिलाफ दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की है। संगठन का कहना है कि मामले की जांच तथ्यों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की जानी चाहिए।
महासभा ने आरोप लगाया कि जिस वायरल ऑडियो के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया, उसकी अब तक फॉरेंसिक जांच नहीं कराई गई है। संगठन ने आशंका जताई कि ऑडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक की मदद से तैयार किया गया हो सकता है। ऐसे में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले इसकी तकनीकी जांच कराना आवश्यक है।

महासभा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार से उन्हें निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की उम्मीद है। संगठन ने मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने प्रशासन को 15 दिनों का समय देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित अवधि में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।