1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. किसी एक व्यक्ति का जीवन हमारे लिए सरकार बनाने से ज़्यादा अहम है: अखिलेश यादव

किसी एक व्यक्ति का जीवन हमारे लिए सरकार बनाने से ज़्यादा अहम है: अखिलेश यादव

 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के मुकाबले करारी हार का सामना करने वाले समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने EVM को लेकर वायरल ऑडियो को लेकर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति से संज्ञान लेकर सुरक्षा देने की मांग की है। 

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के मुकाबले करारी हार का सामना करने वाले समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने EVM को लेकर वायरल ऑडियो को लेकर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति से संज्ञान लेकर सुरक्षा देने की मांग की है।

 

अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ”EVM बदले जाने को लेकर एक चुनाव अधिकारी की किसी से बात की जो ऑडियो रिकार्डिंग सोशल मीडिया पर चल रही है, मा. उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रपति महोदय उसका संज्ञान लें व सरकार संबंधित व्यक्ति को तुरंत संपूर्ण सुरक्षा दे। किसी एक व्यक्ति का जीवन हमारे लिए सरकार बनाने से ज़्यादा अहम है।”

दरअसल, सोशल मीडिया पर दो व्यक्तियों की बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक व्यक्ति खुद को टीचर बताते हुए कहता है कि उसकी चुनाव में ड्यूटी लगी थी और उसने देखा कि ईवीएम बदल दिए गए। वह दावा करते हुए कहता है कि सपा की सरकार नहीं आएगी, बीजेपी जीतने जा रही है, क्योंकि ईवीएम बदल दिए गए हैं। वह खुद को सपा समर्थक बताते हुए कहता है कि स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचने से पहले ईवीएम बदल दिए गए। हिन्दुस्तान इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी और खुद इसके मुखिया अखिलेश यादव एग्जिट पोल्स के बाद से ही ईवीएम और काउंटिंग में धांधली का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने बकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। सपा के कई नेताओं के अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी आरोप लगाया है कि सपा को गड़बड़ी करके हराया गया।

गुरुवार को आए नतीजों में भाजपा गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला तो सपा को हार का सामना करना पड़ा है। भजपा गठबंधन को 273 सीटें हासिल हुईं तो सपा गठबंधन 125 सीटों पर सिमट गया।

उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव समाप्त हो जाने के बाद एक बार फिर से ईवीएम चर्चा में है। पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ईवीएम फ्रॉड का मुद्दा उठाया है। अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लगातार मतगणना स्थल पर बने रहें और निगरानी करते रहें।

अखिलेश यादव के इस फरमान के बाद समाजवादी पार्टी सहित अन्य विपक्षी दल के लोगों ने भी मतगणना स्थलों पर डेरा डाल दिया और दिन के साथ साथ रात मे निगरानी करने लगे।

EVM में हेर फेर की अशंका के चलते समाजवादी पार्टी के नेता स्ट्रांग रूम के बाहर चौकीदारी कर रहे है, चाहे दिन हो या रात सपा के नेता अलग अलग शिफ्ट में EVM की निगरानी कर रहे हैं।

ऐसे तमाम वीडियो सामने आ रहे हैं जिनमें सपा कार्यकर्ता ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर पहरा देते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान वाराणसी, प्रयागराज, बलिया और रामपुर जैसी कई जगहों पर सपा कार्यकर्ता बवाल काटते हुए भी नजर आए।

सबसे पहले आपको दिखाते हैं वाराणसी का नजारा. यहां मंगलवार शाम को पहाड़िया मंडी में ईवीएम मशीन बाहर भेजे जाने को लेकर मंगलवार की शाम से शरू हुआ बवाल और गहमागहमी रातभर जारी रही।

सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ईवीएम मशीनों को बदला जा रहा है। मौके पर कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने लगे। खबर फैली तो तमाम राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता मौके पर इकट्ठा होने लगे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना का जिक्र किया तो मामला और गर्मा गया। हालांकि प्रशासन सफाई देता रहा कि ईवीएम को ट्रेनिंग के मकसद से ले जाया जा रहा था, लेकिन इस दलील से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता संतुष्ट नहीं हुए और बवाल चलता रहा।

ऐसा ही कुछ नजारा सोनभद्र में देखने को मिला। यहां काउंटिंग स्थल के अंदर पेपर, मुहर ले जाते सरकारी वाहन को सपा कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन बैलेट पेपर को बदलवाने का प्रयास कर रही है।

अब बात करते हैं प्रयागराज की यहां केंद्रीय फोर्स स्ट्रांग रूम के अंदर और बाहर किले जैसी सुरक्षा कर रही है लेकिन फिर भी सपा के लोग हर पल निगरानी रख रहे।

सहारनपुर में स्ट्रांग रूम के पास घूमती गाड़ी का सपा नेताओं ने पीछा किया। गाड़ी पकड़कर जमकर हंगामा किया। सपा प्रत्याशियों ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए साथ ही EVM बदले जाने की जताई।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...