मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित मध्यांचल उत्सव 2026 में सहभागिता की और कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, युवाओं के सर्वांगीण विकास और राज्य की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी विश्वसनीयता, प्रतिष्ठा और प्रभाव को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भारत की पहचान एक जिम्मेदार, सक्षम और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुई है, जो वैश्विक चुनौतियों पर ठोस भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए व्यापक अवसर सृजित कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि हर युवा स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बने और उद्यमशीलता की भावना के साथ आगे बढ़ते हुए अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार के नए अवसर पैदा करे। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यही सतत प्रयास एक मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की नींव रख रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में निवेश-अनुकूल नीतियों के चलते औद्योगिक विस्तार को लगातार गति मिल रही है, जिससे बड़े पैमाने पर नए रोजगार अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर और सेवा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और होटल स्थापना के लिए आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही रेडीमेड गारमेंट्स जैसे श्रम-प्रधान उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएं लागू की गई हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव World Economic Forum की 2026 की वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए स्विट्ज़रलैंड के दावोस भी जाएंगे। दावोस में वे वैश्विक निवेशकों के समक्ष मध्य प्रदेश में उपलब्ध निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और पर्यटन पर केंद्रित राज्य की निवेश नीतियों को साझा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के मंच से मध्य प्रदेश की आर्थिक प्राथमिकताओं, औद्योगिक क्षमताओं और दीर्घकालिक विकास दृष्टि को वैश्विक नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के नेताओं और निवेशकों के सामने रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य की स्थिर नीतिगत व्यवस्था, संसाधन-समृद्ध इकोसिस्टम और भविष्य उन्मुख विकास मॉडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।