रिपोर्ट: सत्यम दुबे
संभल: यूपी के संभल जिले से सड़क हादसे की एक ऐसी खबर सामने आ रही है, जिसे जानकर आपके होश उड़ जायेंगे। यहां एक शादी समारोह में जा रहे बाइक सवारों को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में दो मासूम समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां दो मासूम समेत चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
आपको बता दें कि एक मासूम और महिला गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना सोमवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे असमोली थाना इलाके के सैदनगली-पाकबड़ा रोड़ स्थित हसनगढ़ में बाइक सवारों को बेकाबू ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
हादसे में अमरोहा के हसनपुर निवासी यासीन (26) पुत्र हसीन की तीन वर्षीय बेटी अलीशा, छह महीने का बेटा आतिफ, 55 वर्षीय मां की मौत हो गई। जबकि यासीन और उसकी पत्नी फूलजहां और ढ़ाई वर्ष की मासूम बेटी अलीना गंभीर रूप से घायल हो गए।
यासीन की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब यासीन अपने परिवार के साथ बाइक पर सवार होकर मुरादाबाद के पाकबड़ा स्थित एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।
जैसे ही सैदनगली-पाकबड़ा मार्ग स्थित गांव हसनगढ़ पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। ग्रामीणों ने बताया कि हादसा इतना जोरदार था कि दूर तक हादसे की आवाज पहुंची। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया था।
इस मामले में थानाध्यक्ष रणवीर सिंह ने बताया कि दो मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई है। पीड़ित परिवार को सूचना दे दी गई है। उनके आने पर तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। एक महिला और मासूम बच्ची अस्पताल में भर्ती है।