1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शिवपुरी को मिली आधुनिक डाकघर की सौगात, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया मुख्य डाकघर का लोकार्पण

शिवपुरी को मिली आधुनिक डाकघर की सौगात, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया मुख्य डाकघर का लोकार्पण

शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अत्याधुनिक मुख्य डाकघर का लोकार्पण किया। उन्होंने गुना और ग्वालियर के तीन अन्य डाकघरों का भी उद्घाटन किया। जनसेवा कनेक्ट मॉडल पर तैयार शिवपुरी डाकघर में डिजिटल और नागरिक-केंद्रित सुविधाओं के जरिए लोगों को बेहतर डाक सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

By: Nivedita 
Updated:
शिवपुरी को मिली आधुनिक डाकघर की सौगात, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया मुख्य डाकघर का लोकार्पण

शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और शिवपुरी-गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी में नवनिर्मित अत्याधुनिक मुख्य डाकघर का लोकार्पण कर इसे आमजन को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने गुना और ग्वालियर के तीन अन्य आधुनिक डाकघरों का भी उद्घाटन किया। नए डाकघरों का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक तकनीक से जुड़ी सुविधाओं के साथ बेहतर और सुगम डाक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

सिंधिया ने खुद लिया टोकन

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आधुनिक मशीन से स्वयं टोकन लिया। उन्होंने वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को डाकघर में किए गए डिजिटलीकरण और इससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।

जनसेवा कनेक्ट मॉडल पर तैयार हुआ शिवपुरी डाकघर

शिवपुरी का नया मुख्य डाकघर ‘जनसेवा कनेक्ट डाकघर’ पहल के तहत विकसित किया गया है। यहां नागरिकों की सुविधा और सेवा अनुभव को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक व्यवस्थाएं तैयार की गई हैं। सिंधिया ने कहा कि आधुनिक डाकघर सिर्फ नया भवन नहीं है, बल्कि बदलती जरूरतों के अनुसार डाक सेवाओं को तकनीक और बेहतर सेवा प्रणाली से जोड़ने का प्रयास है।

डाकघर को आधुनिक सेवा केंद्र बनाने पर जोर

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दिल्ली के नेहरू प्लेस में शुरू किए गए जनसेवा कनेक्ट डाकघर की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए शिवपुरी में भी इसी तरह की आधुनिक व्यवस्था तैयार की गई है। इस पहल का उद्देश्य डाकघरों को केवल पत्र और पार्सल से जुड़ी सेवाओं तक सीमित न रखते हुए नागरिकों के लिए सुविधाजनक और आधुनिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित करना है।

गुना और ग्वालियर के तीन डाकघरों का भी लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने गुना और ग्वालियर के तीन अन्य डाकघरों का भी लोकार्पण किया। इन डाकघरों के आधुनिकीकरण से संबंधित क्षेत्रों के लोगों को बेहतर डाक एवं जनसेवा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग का नेटवर्क देश के दूरदराज इलाकों तक फैला हुआ है। आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से इस नेटवर्क को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

विकास के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा शिवपुरी

सिंधिया ने शिवपुरी में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रेलवे, बिजली और अन्य क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक डाकघर भी इसी विकास यात्रा का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य आम नागरिकों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

लोकार्पण कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट – कुलदीप गुप्ता 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...