बुरहानपुर जिले के खकनार थाना क्षेत्र के हसीनाबाद गांव में शुक्रवार शाम अचानक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी और हवाओं के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पांच कच्चे मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
आगजनी की इस घटना में घरों में रखा अनाज, कपड़े, नकदी और अन्य जरूरी सामान जलकर खाक हो गया। इसके साथ ही एक छोटा ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, चार रोटावेटर कृषि उपकरण और एक साइकिल भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए। इस हादसे से पांच परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बाल्टी और पानी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई। देखते ही देखते आग ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया और मकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
सूचना मिलने पर दमकल और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पांचों मकान पूरी तरह जल चुके थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को शासन की गाइडलाइन के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
इस भीषण अग्निकांड के बाद पूरे गांव में दहशत और मायूसी का माहौल है। प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और प्रशासन से जल्द मदद की उम्मीद कर रहे हैं।