भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मंत्रालय में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इसे प्रभावी जनसंवाद और व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जाए।अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा तथा प्रमुख उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।मुख्यमंत्री ने जन-विश्वास अभियान की गतिविधियों को भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ में शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश के सभी जिलों की विकास पुस्तिकाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए भी कहा गया।सभी मंत्री अपने-अपने विभागों और प्रभार वाले जिलों में अभियान की नियमित समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही जिलों में तिथिवार कार्ययोजना तैयार कर अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ शामिल हैं।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।