1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: रीवा में सफाई हड़ताल खत्म, नगर निगम के भरोसे के बाद सामान्य हुई शहर की सफाई व्यवस्था

MP News: रीवा में सफाई हड़ताल खत्म, नगर निगम के भरोसे के बाद सामान्य हुई शहर की सफाई व्यवस्था

रीवा नगर निगम के करीब 700 सफाई कर्मचारियों ने शनिवार सुबह अचानक हड़ताल शुरू कर दी थी। हड़ताल के चलते शहर के कई वार्डों में सफाई कार्य ठप हो गया और सुबह कचरा उठान नहीं हो सका, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: रीवा में सफाई हड़ताल खत्म, नगर निगम के भरोसे के बाद सामान्य हुई शहर की सफाई व्यवस्था

शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर चल रहा गतिरोध समाप्त हो गया है। रीवा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने मांगों पर भरोसा मिलने के बाद हड़ताल वापस ले ली और दोबारा काम पर लौट आए। इसके साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था फिर से सामान्य हो गई है।

सुबह अचानक शुरू हुई थी हड़ताल

जानकारी के अनुसार रीवा नगर निगम के करीब 700 सफाई कर्मचारियों ने शनिवार सुबह अचानक हड़ताल शुरू कर दी थी। हड़ताल के चलते शहर के कई वार्डों में सफाई कार्य ठप हो गया और सुबह कचरा उठान नहीं हो सका, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

निगम कार्यालय में नारेबाजी, दोपहर में बनी सहमति

हड़ताल पर गए कर्मचारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन दोपहर में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बातचीत शुरू हुई। नगर निगम कमिश्नर और महापौर के साथ सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा की गई।

मांगों पर भरोसा मिलने के बाद हड़ताल समाप्त

बैठक के दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने और तत्काल काम पर लौटने का निर्णय लिया। सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों अमर नाहर और सीताराम चमकेल ने बताया कि रविवार से शहर के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

ये थीं सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में स्थानांतरित कर्मचारियों को पुरानी पदस्थापना पर भेजना, लंबे समय से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को स्थायी करना और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नौकरी से न हटाना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद वे शांतिपूर्वक काम पर लौट आए हैं।

नागरिकों को मिली राहत

हड़ताल समाप्त होने से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सफाई व्यवस्था को पूरी तरह पटरी पर लाने के लिए अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी वार्ड में कचरा न जमा हो और स्वच्छता बनी रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...