1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शिवपुरी में सीवर ओवरफ्लो से बढ़ी परेशानी, न्यू ब्लॉक और जवाहर गंज क्षेत्र में फैली गंदगी

शिवपुरी में सीवर ओवरफ्लो से बढ़ी परेशानी, न्यू ब्लॉक और जवाहर गंज क्षेत्र में फैली गंदगी

शिवपुरी के न्यू ब्लॉक और जवाहर गंज क्षेत्रों में सीवर ओवरफ्लो के कारण सड़क पर गंदा पानी और मलबा फैल गया है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और संबंधित विभागों पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। रहवासियों ने सीवर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

By: Nivedita 
Updated:
शिवपुरी में सीवर ओवरफ्लो से बढ़ी परेशानी, न्यू ब्लॉक और जवाहर गंज क्षेत्र में फैली गंदगी

शिवपुरी शहर के न्यू ब्लॉक और जवाहर गंज क्षेत्रों में सीवर समस्या के कारण स्थानीय लोग परेशान हैं। सीवर चैंबर ओवरफ्लो होने से सड़कों पर गंदा पानी और मलबा फैल गया है, जिससे इलाके में बदबू फैल रही है और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद हालात और खराब हो गए हैं। गंदा पानी सड़कों पर जमा होने से क्षेत्र में संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

स्कूल, मंदिर और आंगनबाड़ी केंद्र के पास फैली गंदगी

स्थानीय रहवासियों के अनुसार, जिस स्थान पर सीवर का गंदा पानी बह रहा है, उसके आसपास स्कूल, मंदिर और आंगनबाड़ी केंद्र स्थित हैं। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं।रहवासी कल्लू ठाकुर ने बताया कि सड़क पर फैली गंदगी और लगातार आ रही दुर्गंध के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

तीन महीने से बनी हुई है सीवर की समस्या

न्यू ब्लॉक क्षेत्र के वार्ड पार्षद संजय गुप्ता ने बताया कि इलाके में पिछले करीब तीन महीने से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। बारिश के कारण अब वार्ड के अन्य क्षेत्रों में भी सीवर व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएचई विभाग और नगर पालिका को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

 

संक्रमण के खतरे से चिंतित रहवासी

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क पर जमा गंदा पानी लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है। लगातार बदबू और गंदगी के कारण आसपास रहने वाले परिवारों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।

प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग

रहवासियों ने नगर पालिका और प्रशासन से जल्द सीवर लाइनों की मरम्मत कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं।

रिपोर्ट – कुलदीप गुप्ता

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...