1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. देवरी पंचायत में बदहाल सड़कें बनीं परेशानी का कारण, कीचड़ से जूझ रहे ग्रामीण

देवरी पंचायत में बदहाल सड़कें बनीं परेशानी का कारण, कीचड़ से जूझ रहे ग्रामीण

पन्ना जिले की ग्राम पंचायत देवरी में बारिश के कारण सड़कें कीचड़ में बदल गई हैं। ग्रामीणों ने नालियों की सफाई नहीं होने और पंचायत की लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था सुधारने और खराब सड़कों के निर्माण की मांग की है।

By: Nivedita 
Updated:
देवरी पंचायत में बदहाल सड़कें बनीं परेशानी का कारण, कीचड़ से जूझ रहे ग्रामीण

पन्ना: देवेंद्रनगर तहसील की ग्राम पंचायत देवरी में बारिश के मौसम में सड़क और जल निकासी की समस्या ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है, जिससे कई रास्ते कीचड़ में तब्दील हो गए हैं। ग्रामीणों को मजबूरी में घुटनों तक कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है।

वार्ड क्रमांक-10 में सबसे ज्यादा परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार पंचायत के वार्ड क्रमांक-10 की स्थिति सबसे खराब है। यहां सड़क पर इतना कीचड़ जमा हो गया है कि लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को इस समस्या से सबसे अधिक परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार रास्ता पार करने के लिए कपड़े संभालकर या गंदगी से बचते हुए निकलना पड़ता है। बारिश के दिनों में यह मार्ग पूरी तरह से दलदल जैसा नजर आता है।

नालियों की सफाई नहीं होने से बढ़ा जलभराव

ग्रामीण आनंदी लाल यादव ने बताया कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।

पंचायत पर लगाए लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर समस्या को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण की जरूरत थी, वहां काम नहीं कराया गया और सड़क निर्माण किसी अन्य स्थान पर कर दिया गया। उन्होंने इस मामले की जांच की मांग भी की है।

 

बस स्टैंड क्षेत्र में भी सड़क की हालत खराब

ग्रामीण महेंद्र यादव ने बताया कि देवरी बस स्टैंड के पास और बस स्टैंड से वार्ड क्रमांक-1 की ओर जाने वाले मार्ग पर भी कीचड़ जमा है। जनक यादव के मकान के सामने सड़क की स्थिति बेहद खराब होने के कारण पैदल आवागमन तक मुश्किल हो गया है।

शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं मिलने का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने समस्या को लेकर 181 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन इसके बाद शिकायत वापस लेने का दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया। इसके अलावा पंचायत भवन में नियमित जनसुनवाई नहीं होने से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

प्रशासन से ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था की जाए और खराब सड़कों का जल्द निर्माण कराया जाए। साथ ही सीसी सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को राहत मिल सके।

 

रिपोर्ट – राजेश रावत

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...