प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सरकारी आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर कदम्ब का पौधा रोपित किया। यह पौधा उन्हें यूनाइटेड किंगडम के राजा किंग चार्ल्स तृतीय की ओर से विशेष उपहार के रूप में मिला था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उपहार भारत और ब्रिटेन के बीच मजबूत मित्रता तथा पर्यावरण संरक्षण के साझा संकल्प को दर्शाता है।
ब्रिटिश हाई कमीशन की ओर से जारी संदेश में बताया गया कि किंग चार्ल्स ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर यह पौधा भेजकर प्रसन्नता व्यक्त की है। साथ ही यह कदम प्रधानमंत्री की “एक पेड़ मां के नाम” पहल से भी जुड़ा हुआ है, जिसके जरिए लाखों लोग देशभर में पौधारोपण अभियान से जुड़े हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले पीएम मोदी भी किंग चार्ल्स को पौधा उपहार में दे चुके हैं। जुलाई में ब्रिटेन यात्रा के दौरान उन्होंने इंग्लैंड के नॉरफॉक स्थित सैंड्रिंघम एस्टेट में किंग चार्ल्स को डेविडिया इनवोलुक्रेटा ‘सोनोमा’ प्रजाति का पौधा भेंट किया था। इसे “सोनोमा डव ट्री” भी कहा जाता है और यह अपनी खूबसूरत सफेद पंखुड़ियों और तेजी से विकसित होने की क्षमता के लिए जाना जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, डेविडिया इनवोलुक्रेटा प्रजाति सामान्यतः 10 से 20 वर्षों में फूल देती है, लेकिन “सोनोमा” किस्म मात्र 2 से 3 वर्षों में ही खिला देती है। यही वजह है कि यह पौधा प्रतीकात्मक रूप से आशा और नई शुरुआत का संदेश देता है।






