विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पन्ना जिले के अटल पार्क और अजयगढ़ बायपास रोड स्थित कचरा प्रसंस्करण केंद्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर विकास और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विधायक ने कहा कि पन्ना का विकास केवल आधारभूत संरचनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य बनाना भी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं और इसी सोच के साथ जिले में योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पन्ना में मेडिकल कॉलेज, एग्रीकल्चर कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना से शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। सड़क, पुल, बांध और बिजली परियोजनाओं के माध्यम से जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित हुई है।
विधायक ने कहा कि पन्ना टाइगर रिजर्व, रनेह फॉल्स, केन नदी और धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। डायमंड पार्क और म्यूजियम जैसी परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कचरा प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण भी किया और स्वच्छता व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनभागीदारी के बिना इसे सफल नहीं बनाया जा सकता।