1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: “लाड़ली बहना योजना को कोई बंद नहीं कर सकता, बहनें बन चुकी हैं राजनीतिक ताकत”- शिवराज सिंह चौहान

MP News: “लाड़ली बहना योजना को कोई बंद नहीं कर सकता, बहनें बन चुकी हैं राजनीतिक ताकत”- शिवराज सिंह चौहान

सीहोर में बोले केंद्रीय कृषि मंत्री, कहा- देशभर में नाम बदलकर अपनाई जा रही है यह योजना...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: “लाड़ली बहना योजना को कोई बंद नहीं कर सकता, बहनें बन चुकी हैं राजनीतिक ताकत”- शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनाएं अब केवल योजना की लाभार्थी नहीं रहीं, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में उभर चुकी हैं। अब किसी में हिम्मत नहीं है कि इस योजना को बंद कर सके।

सीहोर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं के जीवन में बड़ा परिवर्तन किया है। उन्होंने कहा कि इस योजना का प्रभाव इतना व्यापक रहा है कि आज देश के कई राज्यों में सरकारें इस मॉडल को नाम बदल-बदलकर लागू कर रही हैं। यह योजना केवल चल नहीं रही, बल्कि पूरे देश में “दौड़” रही है और सरकारें बनाने में भी निर्णायक भूमिका निभा रही है।

“बहनें बहुत सच्ची होती हैं, नैया पार लगा देती हैं”

शिवराज सिंह चौहान ने भावुक अंदाज में कहा कि बहनें बहुत सच्ची होती हैं। “भइया ने दिया है तो भइया को देंगी। चाहे कुछ भी हो जाए, ये नैया पार लगा देती हैं। अब कोई भी इस योजना से छेड़छाड़ करने की हिम्मत नहीं कर सकता।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने लाड़ली बहना योजना को कमजोर करने की कोशिश की, तो बहनें स्वयं उसका जवाब देंगी।

हर महीने मिल रहे हैं 1500 रुपये, बढ़ोतरी के संकेत

फिलहाल मध्य प्रदेश सरकार लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1500 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कई सार्वजनिक मंचों से इस राशि को भविष्य में बढ़ाकर 3000 रुपये करने के संकेत दे चुके हैं।

विधानसभा में भी उठी राशि बढ़ाने की मांग

मध्य प्रदेश विधानसभा के 70 वर्ष पूरे होने पर 17 दिसंबर को आयोजित विशेष सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने लाड़ली बहना योजना की राशि 3000 रुपये करने की मांग उठाई थी। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जवाब देते हुए कहा था कि “आप 3000 रुपये की बात कर रहे हैं, हम 5000 रुपये देंगे।”

प्रदेश की राजनीति में निर्णायक बनती लाड़ली बहना योजना

लाड़ली बहना योजना को लेकर लगातार आ रहे राजनीतिक बयानों से यह साफ है कि आने वाले समय में यह योजना मध्य प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाने वाली है। महिला मतदाताओं के बीच इस योजना की लोकप्रियता ने इसे सिर्फ एक कल्याणकारी योजना नहीं, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक आधार बना दिया है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...