1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: बैतूल में मेडिकल कॉलेज की स्थापना पर विधायकों ने CM डॉ. मोहन यादव का जताया आभार

MP News: बैतूल में मेडिकल कॉलेज की स्थापना पर विधायकों ने CM डॉ. मोहन यादव का जताया आभार

विधायक दल ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर किया धन्यवाद...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: बैतूल में मेडिकल कॉलेज की स्थापना पर विधायकों ने CM डॉ. मोहन यादव का जताया आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बुधवार को बैतूल जिले के विधायकों ने भेंट कर जिले को मिली बड़ी सौगात- मेडिकल कॉलेज की स्थापना- के लिए आभार व्यक्त किया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बैतूल विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने किया। भेंट के दौरान विधायक महेंद्र सिंह चौहान, डॉ. योगेश पंडाग्रे, चंद्रशेखर देशमुख और गंगाबाई उईके मौजूद रहीं।

जनजातीय बहुल क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ

विधायकों ने कहा कि बैतूल- जो कि जनजातीय और ग्रामीण आबादी वाला जिला है- में मेडिकल कॉलेज खुलने से स्वास्थ्य सेवाएँ सुलभ होंगी। दूरस्थ क्षेत्रों से मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और जिले में ही गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध हो सकेगा। पीपीपी मोड पर बनने वाला यह मेडिकल कॉलेज क्षेत्र के युवाओं को मेडिकल शिक्षा के नए अवसर देगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा 23 दिसंबर को बैतूल के कोसमी क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज का भूमि-पूजन करेंगे।

बैतूल को मिली अन्य महत्वपूर्ण सौगातें

विधायकों ने मुख्यमंत्री को जिले के विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दिए जाने के लिए भी धन्यवाद दिया। इसमें मुख्य रूप से शामिल हैं-

  • सारणी के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह में 12,000 करोड़ रुपये की लागत से 660 मेगावाट यूनिट की स्थापना

  • भीमपुर में 100 बिस्तरीय अस्पताल की स्वीकृति

  • चिचोली में 50 बिस्तरीय अस्पताल की मंजूरी

इन परियोजनाओं से जिले में स्वास्थ्य अवसंरचना और ऊर्जा उत्पादन क्षमता में बड़ी बढ़ोतरी होगी।

चोपना क्षेत्र के पट्टा प्रकरणों के निराकरण की मांग

घोड़ाडोंगरी विधायक गंगाबाई उईके ने मुख्यमंत्री से चोपना क्षेत्र के परिवारों के लंबित पट्टा प्रकरणों के त्वरित निराकरण का अनुरोध भी किया।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...