1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. धमाके के साथ ट्रांसफॉर्मर में लगी भीषण आग, बिजली विभाग नदारद, ग्रामीणों ने खुद संभाली कमान

धमाके के साथ ट्रांसफॉर्मर में लगी भीषण आग, बिजली विभाग नदारद, ग्रामीणों ने खुद संभाली कमान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफॉर्मर कई वर्षों से जमीन पर स्थापित है, जिसकी वजह से उसमें अक्सर छोटी-मोटी आग लगती रहती थी। लेकिन इस बार आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफॉर्मर के साथ-साथ पूरी केबल भी जलकर राख हो गई।

By: Naredra 
Updated:
धमाके के साथ ट्रांसफॉर्मर में लगी भीषण आग, बिजली विभाग नदारद, ग्रामीणों ने खुद संभाली कमान

सीधीः जिले के सेमरिया क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पंचायत भवन के पास लगे ट्रांसफॉर्मर में अचानक भीषण आग लग गई। तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। देखते ही देखते ट्रांसफॉर्मर आग की लपटों में घिर गया और पूरा इलाका अफरा-तफरी में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफॉर्मर कई वर्षों से जमीन पर स्थापित है, जिसकी वजह से उसमें अक्सर छोटी-मोटी आग लगती रहती थी। लेकिन इस बार आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफॉर्मर के साथ-साथ पूरी केबल भी जलकर राख हो गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को बम फटने का भ्रम हो गया।

इस घटना के समय बिजली विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। हालात बिगड़ते देख गांव के लोगों ने खुद मोर्चा संभाला और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। हालांकि, आग इतनी भयंकर थी कि काफी देर तक उस पर काबू नहीं पाया जा सका।

स्थानीय निवासियो ने बताया कि “जैसे ही तेज आवाज सुनाई दी, हम तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन आग पर तुरंत काबू पाना मुश्किल हो गया।”

सेमरिया जेई प्रकाश चंद्र निगम के अनुसार प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी और आसपास सूखे पत्तों की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल गई।

वही ग्रामीणों का आरोप है कि नए जूनियर इंजीनियर की नियुक्ति के बाद से बिजली व्यवस्था पूरी तरह लचर हो गई है और इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने विभागीय लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सीधी से संवाददाता ओंकार प्रसाद मिश्रा की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...