नीमच दौरे पर पहुंचे मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष की भूमिका निभाना लोकतंत्र का हिस्सा है और इसे राजनीतिक दुर्भावना से नहीं जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी भाषा और पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति घृणा नहीं बल्कि प्रेम और मोहब्बत पर आधारित है। उन्होंने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा समाज को जोड़ने की दिशा में काम करती रही है।
जीतू पटवारी ने केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। उन्होंने व्यापमं जैसे मामलों का जिक्र करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
पटवारी ने NEET परीक्षा प्रणाली और उससे जुड़े प्रशासनिक ढांचे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन में पारदर्शिता की कमी से युवाओं और मध्यम वर्ग के परिवारों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रदेश में राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा और जनता किसान एवं युवाओं के पक्ष में फैसला लेगी।