बिहार के भोजपुर जिले के आरा सदर अस्पताल में नए आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) का उद्घाटन किया गया। भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और जिला परिषद अध्यक्ष आशा देवी ने फीता काटकर आईसीयू का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने बताया कि राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में आरा सदर अस्पताल के आईसीयू सहित राज्य के विभिन्न जिला और प्रमंडलीय अस्पतालों में नई स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।
भोजपुर के सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि सदर अस्पताल में आईसीयू शुरू होने से गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि राज्य के कई जिला अस्पतालों और प्रमंडलीय अस्पतालों में भी विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का शुभारंभ किया गया है।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अरुण प्रकाश, अस्पताल प्रभारी अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक शशि सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।